बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा

बीकानेर टेक्निकल यूनिवर्सिटी में सांस्कृतिक समरसता कार्यक्रम आयोजित, 400 विद्यार्थियों ने लिया भाग

सांस्कृतिक समरसता की भावना भारतीय समाज की विशिष्ट पहचान : प्रो अखिल गर्ग, कुलगुरु

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

बीकानेर। 17 अक्टूबर, बीकानेर टेक्निकल यूनिवर्सिटी में सांस्कृतिक समरसता कार्यक्रम-2026 का आयोजन किया गया। फैकल्टी समन्वयक जय भास्कर ने बताया कि इस कार्यक्रम में लगभग 400 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सांस्कृतिक एकता, आपसी सद्भाव और सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुलगुरु प्रो.अखिल रंजन गर्ग एवं प्राचार्य डॉ.परबंत सिंह संधू की उपस्थिति में हुआ।

कुलगुरु प्रो. गर्ग ने अपने सम्बोधन में कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। विभिन्न भाषाओं, परंपराओं, रीति-रिवाजों और विचारों के बावजूद एकता की भावना भारतीय समाज की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यावसायिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उनमें मानवीय मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता, सहिष्णुता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।

प्राचार्य डॉ.परबंत सिंह संधू ने कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक मूल्यों को आत्मसात करने का महत्वपूर्ण समय है। सांस्कृतिक समरसता जैसे आयोजन विद्यार्थियों को एक-दूसरे की भावनाओं को समझने, विविधताओं का सम्मान करने तथा सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुणों का विकास करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने व्यवहार और कार्यों के माध्यम से समरसता, सद्भाव और एकता का संदेश समाज तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एकल नृत्य, समूह नृत्य एवं गायन की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कमलदीप ने एकल नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि मालविका एवं समूह, कमलदीप एवं समूह तथा राशि एवं समूह ने समूह नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, मोहित की गायन प्रस्तुति ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गरबा एवं डांडिया रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक संगीत और नृत्य के बीच पूरा परिसर उत्साहपूर्ण वातावरण से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं एवं आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले समन्वयकों को सम्मानित किया गया। सामूहिक फोटोग्राफी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन में समन्वय की जिम्मेदारी निभाने वाले विद्यार्थियों में अरुण बिंजारिया, मनोज चौधरी, गोलू जाट, अनिल चौधरी, आयुषी बासेठिया, मीनल सोनी, परविंदर दहिया, प्रदीप जाट, मोहित शर्मा, लोकेश चौधरी, मुकेश चौधरी, हर्ष, रणवीर कुमावत, मयूर माहेश्वरी, राघव, अमित कुमार गुप्ता एवं मनोज सैनी शामिल रहे। सभी ने सांस्कृतिक गतिविधियों, अनुशासन, मीडिया कवरेज, स्वयंसेवक व्यवस्था एवं कार्यक्रम के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button