उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

बस्ती में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर डीएम ने की बैठक, 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावे और आपत्तियां

4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण पर भी हुई विस्तृत चर्चा

बस्ती से वेदान्त सिंह

बस्ती, 16 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम और मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्व्यवस्थापन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने, नाम-पते में संशोधन तथा अन्य आवश्यक विवरणों को अद्यतन करने की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएगी।

12 नवंबर को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची

बैठक में जानकारी दी गई कि मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 12 नवंबर को एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन किया जाएगा।

मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने बैठक में मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण तथा नए मतदान केंद्र स्थापित करने के लिए उपयुक्त भवनों को चिह्नित करने के संबंध में भी चर्चा की।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 से 18 अक्टूबर तक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे।

19 अक्टूबर को आपत्तियों एवं सुझावों के लिए मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची प्रकाशित की जाएगी। इसकी प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

27 अक्टूबर को अनुमोदन के लिए भेजे जाएंगे प्रस्ताव

बैठक में बताया गया कि 26 अक्टूबर को वर्तमान सांसद, विधानसभा सदस्यों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान प्राप्त शिकायतों और सुझावों का निस्तारण करते हुए मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

इसके बाद 27 अक्टूबर को सभी आवश्यक संलग्नकों सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव अनुमोदन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय भेजा जाएगा।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी प्रदुम्न कुमार, हिमांशु कुमार, उमाकान्त तिवारी, शशीबिन्द, तहसीलदार विनय प्रभाकर, अभय राज पाल, रजनीश कुमार श्रीवास्तव, पंकज कुमार गुप्ता सहित नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, संबंधित निर्वाचन अधिकारी एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button