जयपुरब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनराजस्थान

राज्यपाल देखेंगे राजस्थानी फिल्म ‘माँ’, पहला टिकट खरीदकर दिया राजस्थानी सिनेमा को बढ़ावा

25 अक्टूबर को जयपुर के ऐतिहासिक राजमंदिर सिनेमाघर में होगा फिल्म का प्रदर्शन, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े होंगे मुख्य अतिथि

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

जयपुर, 13 अक्टूबर 2026। राजस्थानी भाषा, कला और संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में राजस्थान रॉयलवुड फिल्म इंडस्ट्रीज द्वारा लगातार सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जयपुर के विश्व प्रसिद्ध राजमंदिर सिनेमाघर में प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले राजस्थानी फिल्मों के विशेष प्रदर्शन के तहत आगामी 25 अक्टूबर को राजस्थानी फिल्म ‘माँ’ का प्रदर्शन किया जाएगा। इस समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

राज्यपाल ने स्वयं और स्टाफ के लिए खरीदे फिल्म के टिकट

सोमवार को राजस्थान रॉयलवुड फिल्म इंडस्ट्रीज के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें फिल्म के विशेष प्रदर्शन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

इस दौरान राज्यपाल ने राजस्थानी सिनेमा को प्रोत्साहित करने की अनूठी पहल करते हुए शगुन स्वरूप स्वयं और अपने स्टाफ के लिए फिल्म के टिकट खरीदे। उनके इस कदम को राजस्थानी फिल्म उद्योग के लिए उत्साहवर्धक पहल माना जा रहा है।

कला, संस्कृति और भाषा किसी भी प्रदेश की अमूल्य धरोहर : राज्यपाल

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक प्रदेश की कला, संस्कृति और भाषा उसकी अमूल्य धरोहर होती है। इसे सहेजकर रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि सिनेमा समाज का आईना होता है। किसी भी प्रदेश की कला, संस्कृति, भाषा और सभ्यता को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने में सिनेमा का महत्वपूर्ण योगदान होता है।

राज्यपाल ने राजकीय सम्मान से सम्मानित फिल्म अभिनेता राज जांगिड़ द्वारा राजस्थानी फिल्मों के विकास और प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।

फिल्म ‘माँ’ में नजर आएंगे कई चर्चित कलाकार

निर्माता नेमीचंद शर्मा और सुमेरमल सुथार द्वारा श्री विश्वकर्मा एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित राजस्थानी फिल्म ‘माँ’ में राज जांगिड़, भानी सिंह, क्षितिज कुमार, मंजुला, दीपेंद्र सिंह, दीपक मीणा, राजेश जांगिड़, हरीश चौधरी, दिनेश कुमार सारंग और युधिष्ठिर सिंह भाटी सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म की एक विशेष बात यह भी है कि राजस्थान के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इसमें अतिथि भूमिका निभाई है।

राजस्थानी फिल्मों को नई पहचान दिलाने का प्रयास

राजस्थान रॉयलवुड फिल्म इंडस्ट्रीज की ओर से राजस्थानी फिल्मों की ग्रुप रिलीज का सिलसिला लगातार जारी है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय सिनेमा को बड़ा मंच उपलब्ध कराना और दर्शकों को अपनी मातृभाषा में बनी फिल्मों से जोड़ना है।

राज्यपाल से मुलाकात करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में फिल्म निर्माता एन.के. मित्तल, लेखक एवं निर्देशक लखविंदर सिंह, नवरंग जांगिड़, नीलू शर्मा और प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता राज जांगिड़ उपस्थित रहे।

राज्यपाल द्वारा फिल्म का पहला टिकट खरीदकर दिए गए प्रोत्साहन से राजस्थानी फिल्म जगत में उत्साह का माहौल है। फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि इस तरह के प्रयासों से राजस्थानी सिनेमा को प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान मिलेगी।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button