उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़रोज़गार
बस्ती में मशरूम उत्पादन तकनीक पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण का समापन, 25 युवाओं ने सीखे स्वरोजगार के गुर
कृषि विज्ञान केंद्र में ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को मशरूम उत्पादन, प्रसंस्करण और व्यवसाय स्थापित करने की दी गई जानकारी, प्रमाण पत्र के साथ वितरित की गई आम की पौध

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 9 अक्टूबर 2026। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या के अंतर्गत संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती द्वारा मशरूम उत्पादन तकनीक पर आयोजित पांच दिवसीय रोजगारपरक एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण में जनपद के विभिन्न विकासखंडों के 25 युवक-युवतियों ने भाग लेकर मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों एवं इससे स्वरोजगार स्थापित करने के तरीकों की जानकारी प्राप्त की।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान, जोन-III, कानपुर से वित्तपोषित परियोजना के अंतर्गत आयोजित किया गया।
स्वरोजगार और आजीविका सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है मशरूम उत्पादन
कार्यक्रम के अंतिम दिन कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. पी.के. मिश्रा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि मशरूम उत्पादन ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उनकी आजीविका को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर मशरूम उत्पादन को व्यवसाय के रूप में अपनाने तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रयास करने की अपील की।
मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रेम शंकर, वैज्ञानिक (पादप सुरक्षा) ने प्रतिभागियों का प्रशिक्षण उपरांत मूल्यांकन किया। उन्होंने बटन मशरूम की उत्पादन तकनीक, गुणवत्तापूर्ण स्पॉन का चयन, भूसे का उपचार एवं पाश्चुरीकरण, मशरूम उत्पादन के लिए बैग तैयार करने, स्पॉनिंग, इनक्यूबेशन, फलन तथा कीट एवं रोग प्रबंधन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मशरूम उत्पादन को केवल कृषि गतिविधि तक सीमित न रखकर ग्रामीण उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के प्रभावी साधन के रूप में अपनाया जाना चाहिए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण, कृषि आधारित उद्यमिता और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल सकता है।
गुणवत्तापूर्ण स्पॉन से बेहतर उत्पादन पर जोर
डॉ. वी.बी. सिंह, वैज्ञानिक (पादप प्रजनन एवं आनुवंशिकी) ने मशरूम की उपयुक्त प्रजातियों के चयन और गुणवत्तापूर्ण स्पॉन की पहचान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्पॉन की गुणवत्ता के प्रमुख लक्षणों तथा मशरूम के उत्पादन और उपज में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को समझाया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक विधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मशरूम के मूल्य संवर्धन से बढ़ेगी आमदनी
डॉ. अंजलि वर्मा, वैज्ञानिक (गृह विज्ञान) ने मशरूम में मौजूद प्रोटीन, खनिज एवं अन्य पोषक तत्वों की जानकारी देते हुए इसके सुरक्षित प्रसंस्करण और भंडारण की विधियां बताईं। उन्होंने मशरूम पाउडर, अचार, नमकीन एवं अन्य मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार करने की तकनीक पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि मशरूम के मूल्य संवर्धन से अतिरिक्त आय अर्जित करने के साथ महिलाओं के लिए उद्यमिता के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। इसके अलावा मशरूम उत्पादन को व्यवसाय के रूप में अपनाने, लागत एवं लाभ का आकलन करने, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, स्थानीय बाजार से जुड़ने और प्रशिक्षण के बाद उद्यम स्थापित करने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण पर दिया गया जोर
आर.वी. सिंह, वैज्ञानिक (कृषि प्रसार) ने मशरूम उत्पादन को पोषण, रोजगार, स्वरोजगार और आय सृजन से जोड़ते हुए वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रेरित किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का उपयोग अपने गांवों में मशरूम उत्पादन इकाइयां स्थापित करने, परिवार की आय बढ़ाने तथा अन्य ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने में करें।
प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र और आम की पौध वितरित
पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र और आम की रंगीन पौध वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को मशरूम उत्पादन की तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसरों से जोड़ना रहा।
यह पहल बस्ती जनपद में कृषि आधारित स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने तथा युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Subscribe to my channel


