उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
आकांक्षात्मक विकासखंडों में विकास कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 07 अक्टूबर 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को विशेष सचिव, पंचायती राज, उत्तर प्रदेश शासन एवं जनपद के नामित नोडल अधिकारी राजेश त्यागी की अध्यक्षता में आकांक्षात्मक विकासखंड हर्रैया, कुदरहा, सल्टौआ गोपालपुर एवं विक्रमजोत में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नोडल अधिकारी ने चारों आकांक्षात्मक विकासखंडों में शासन द्वारा निर्धारित विकास मानकों एवं संकेतकों के आधार पर अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, पेयजल, स्वच्छता, रोजगार, ग्रामीण विकास एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
राजेश त्यागी ने कहा कि आकांक्षात्मक विकासखंडों का उद्देश्य विकास के विभिन्न मानकों में सुधार कर आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान देने के निर्देश दिए, जहां निर्धारित लक्ष्यों की तुलना में प्रगति कम है। ऐसे बिंदुओं को चिन्हित कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने और उसके अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। विकास कार्यों की नियमित निगरानी के साथ ही विभागीय अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
नोडल अधिकारी ने कहा कि आकांक्षात्मक विकासखंडों के निर्धारित संकेतकों में सुधार के लिए नियमित समीक्षा आवश्यक है। लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए तथा विकास कार्यों में आने वाली समस्याओं का संबंधित विभाग आपसी समन्वय से त्वरित समाधान करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, डीपीआरओ धनश्याम सागर, सीवीओ डॉ. ए.के. गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, बीएसए अनूप तिवारी, डीएसटीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव, एलडीएम आर.एन. मौर्या सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


