उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 7 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को शास्त्री चौक पर विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, जिला प्रभारी सत्येन्द्र सिन्हा, जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, हर्रैया विधायक अजय सिंह, पूर्व विधायक रवि सोनकर, दयाराम चौधरी, नगरपालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा तथा वरिष्ठ भाजपा नेता राजेन्द्र नाथ तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ‘वंदे भारत गीत’ के साथ हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने दोनों नेताओं के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और उनके संदेश से अवगत हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने उपस्थित जनसमुदाय को विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक संकल्प है। देश के विकास में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
विकसित भारत का संकल्प लेने के बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया। राष्ट्रगान के दौरान कार्यक्रम स्थल देशभक्ति की भावना से सराबोर दिखाई दिया।
इसके पश्चात सेवा ज्योति यात्रा के शुभारंभ की प्रक्रिया शुरू हुई। कार्यक्रम स्थल पर दीप प्रज्वलित कर सेवा ज्योति को चारों दिशाओं में रवाना किया गया। शास्त्री चौक से अलग-अलग दिशाओं में निकली सेवा ज्योति यात्राओं के माध्यम से सेवा, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। पूरे मार्ग में लोगों में उत्साह और उमंग देखने को मिली। आयोजन के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं संस्कृत कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृति का संदेश दिया गया, जिसका उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

Subscribe to my channel


