उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में मतदाता सूची के निरंतर पुनरीक्षण 2026 के तहत अर्ह मतदाताओं के नाम होंगे शामिल

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 03 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद बस्ती में निरंतर पुनरीक्षण-2026 का कार्य जारी है। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में ईपी रेशियो एवं जेंडर रेशियो को बढ़ाना तथा किसी भी अर्ह मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से छूटने न देना है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने बताया कि अभियान के अंतर्गत सभी अर्ह युवाओं, छूटे हुए मतदाताओं, पहली बार मतदाता बनने की पात्रता रखने वाले नागरिकों, बेघर मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं तथा महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए महिला कल्याण, उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा विभाग, दिव्यांगजन, ग्राम्य विकास, युवा कल्याण सहित अन्य विभागों का सहयोग लिया जाएगा।
मतदान केंद्रों पर बीएलओ से प्राप्त करें फार्म
एडीएम ने बताया कि यदि किसी अर्ह नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह निरंतर पुनरीक्षण-2026 के तहत अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पदाभिहित अधिकारी/बीएलओ से आवश्यक फार्म प्राप्त कर उसे भरकर जमा कर सकता है।
इसके अलावा मतदाता आयोग की ECINET मोबाइल ऐप तथा आधिकारिक मतदाता सेवा वेबसाइट voters.eci.gov.in� के माध्यम से भी आवश्यक आवेदन कर सकते हैं। नाम शामिल कराने, संशोधन अथवा नाम हटाने के लिए संबंधित फार्म-6, फार्म-8 एवं फार्म-7 ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं।
प्रशासन की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और यदि नाम दर्ज नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन करें, ताकि कोई भी अर्ह मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे।

Subscribe to my channel


