उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में पॉक्सो अधिनियम को लेकर विद्यालयों में चलेगा जागरूकता अभियान

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 24 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जनपद न्यायाधीश बस्ती के मार्गदर्शन में जनपद के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम-2012 के संबंध में सरल एवं सही जानकारी देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को कानून की जानकारी देकर उन्हें अपराध से बचाना तथा किसी भी प्रकार के शोषण का शिकार होने से रोकना है।
अभियान की तैयारियों को लेकर 24 सितंबर को जनपद न्यायाधीश बस्ती शमुसल हक की अध्यक्षता में उनके विश्राम कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट)/नोडल अधिकारी अनिल कुमार, प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शुभम द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, एडीओ (आईसीडीएस) राजेश कुमार, सीओ कलवारी बृजेश सिंह, सदस्य बाल कल्याण समिति अजय कुमार श्रीवास्तव तथा बाल कल्याण अधिकारी बीना सिंह उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जनपद न्यायाधीश ने बताया कि जागरूकता अभियान को दो चरणों में संचालित किया जाएगा। प्रथम चरण 25 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान जनपद के सभी विद्यालयों में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित कर छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों और उससे जुड़ी आवश्यक कानूनी जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी।
वहीं अभियान के दूसरे चरण में 2 अक्टूबर 2026 को विद्यालयों में प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक और चित्रकला प्रतियोगिता जैसी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अधिकारियों ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं तक पॉक्सो अधिनियम की सही जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।
Subscribe to my channel


