जयपुरदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
नई दिल्ली में शिक्षक सम्मेलन का होगा भव्य समापन महोत्सव
20 सितम्बर को 31 शिक्षकों को मिलेगा ‘शिक्षक गौरव अवार्ड’ एवं 51 शिक्षकों को ‘वैश्विक शिक्षक रत्न अवार्ड’

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
जयपुर। वैश्विक शांति, सद्भाव एवं मैत्री के विचारों को आगे बढ़ाने वाले संगठन अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में शिक्षक दिवस एवं शिक्षक सम्मेलन का समापन महोत्सव 20 सितम्बर 2026 को नई दिल्ली में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित शिक्षकों एवं शिक्षा क्षेत्र की विशिष्ट प्रतिभाओं का अभिनंदन किया जाएगा।
मंच के संयोजक डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा, एडवोकेट ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को मंच के प्रेरणास्रोत अतिथियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा। समारोह में 31 शिक्षकों को ‘शिक्षक गौरव अवार्ड’ तथा 51 शिक्षकों को ‘वैश्विक शिक्षक रत्न अवार्ड’ प्रदान किया जाएगा।
मंच की चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. एच. सी. गणेशिया, चांसलर ने बताया कि ‘शिक्षक गौरव अवार्ड’ एवं ‘वैश्विक शिक्षक रत्न अवार्ड’ के लिए सम्पूर्ण भारत से शिक्षकों के प्रस्ताव-पत्र मंच के कार्यालय को प्राप्त हो रहे हैं। चयन समिति द्वारा प्राप्त सभी प्रस्ताव-पत्रों का शैक्षणिक कार्य, उपलब्धियों, योगदान एवं सेवा-भाव के आधार पर अवलोकन किया जा रहा है। चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्धारित संख्या में शिक्षकों का अंतिम चयन किया जाएगा।
25 राष्ट्रों के ध्वजों के सानिध्य में होगा अभिनंदन
समारोह की विशेषता यह होगी कि 25 राष्ट्रों के राष्ट्रीय ध्वजों के सानिध्य में देशभर से चयनित शिक्षकों एवं प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। यह आयोजन शिक्षा के माध्यम से विश्व बंधुत्व, सामाजिक समरसता, वैश्विक शांति एवं मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देगा।
समारोह में सम्मानित होने वाले सभी शिक्षक एवं प्रतिभाएं अपने शैक्षणिक अनुभव, विचार एवं उपलब्धियों पर संबोधन भी प्रस्तुत करेंगे। इससे विभिन्न राज्यों के शिक्षकों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने तथा शिक्षा के क्षेत्र में नए विचारों और सकारात्मक प्रयासों को साझा करने का अवसर मिलेगा।
मंच के अनुसार, शिक्षक समाज के निर्माण और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने वाली महत्वपूर्ण शक्ति हैं। इसलिए उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत अभिनंदन नहीं, बल्कि शिक्षा और शिक्षक समुदाय के प्रति समाज के सम्मान की अभिव्यक्ति है।
अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा आयोजित यह समापन महोत्सव “वसुधैव कुटुम्बकम् • ग्लोबल विलेज • सत्यम् शिवम् सुन्दरम्” की भावना के साथ शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक समरसता और विश्व मैत्री का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन होगा।

Subscribe to my channel


