जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़
मेंढर में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 वाहन जब्त और 40 के चालान

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
मेंढर, 23 अगस्त। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के उपमंडल मेंढर में बढ़ते वाहनों के दबाव और एकल सड़क यातायात व्यवस्था के बीच ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एसओ ट्रैफिक मेंढर मोहम्मद अयूब खान के नेतृत्व में TCP मेंढर सहित विभिन्न स्थानों पर व्यापक ट्रैफिक चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान वैध दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक कागजात नहीं पाए जाने पर 10 वाहनों को जब्त किया गया। वहीं, मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले 40 वाहनों के चालान किए गए।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है।
स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सीमित सड़क नेटवर्क और लगातार बढ़ते यातायात दबाव के बावजूद ट्रैफिक कर्मी यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदारी के साथ अपना कर्तव्य निभा रहे हैं।
एसओ ट्रैफिक मेंढर मोहम्मद अयूब खान और उनकी टीम ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने साथ वैध ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के आवश्यक दस्तावेज रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने लोगों से सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की है।

Subscribe to my channel


