नीमचब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश
खाकी पर SP का बड़ा प्रहार!
डिकेन थाना प्रभारी और हेड कॉन्स्टेबल सस्पेंड, जनता से अभद्रता पर जीरो टॉलरेंस

संवाददाता दशरथ माली
नीमच। पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग करने वालों पर नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डिकेन थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह चौहान और प्रधान आरक्षक सुरेश बोराना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
बताया जा रहा है कि 6 अगस्त की रात डिकेन थाना परिसर में दो डंपर चालकों के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। आरोप है कि उन्हें घंटों तक रोके रखा गया और उनसे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। पीड़ित चालकों ने अपने शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए भाजपा नेताओं के साथ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी राजेश व्यास ने मामले की जांच कराई। प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए जाने पर रविवार देर शाम दोनों पुलिसकर्मियों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए।
इस कार्रवाई के साथ एसपी राजेश व्यास ने स्पष्ट संदेश दिया कि आम जनता के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता, दुर्व्यवहार या मारपीट बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और खाकी की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस फैसले को जिले में पुलिस जवाबदेही की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Subscribe to my channel


