उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में मत्स्यजीवी सहकारी समितियों की बैठक, सभापति वीरू साहनी ने योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने पर दिया जोर

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 30 जुलाई। विकास भवन सभागार में उत्तर प्रदेश मत्स्यजीवी सहकारी संघ लिमिटेड, लखनऊ के सभापति वीरू साहनी की अध्यक्षता में मत्स्यजीवी सहकारी समितियों के सचिवों, अध्यक्षों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य मत्स्यजीवी समुदाय के कल्याण, सहकारी समितियों को मजबूत बनाना तथा मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी और रोजगारपरक बनाना रहा।
बैठक में मत्स्य पालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। सभापति वीरू साहनी ने समिति के सचिवों एवं अध्यक्षों से अपील की कि वे पात्र मत्स्य पालकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने, सहकारी समितियों को सक्रिय बनाने तथा मत्स्य उत्पादन बढ़ाने में प्रभावी भूमिका निभाएं।
इस दौरान लाभार्थियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव सभापति के समक्ष रखे। वीरू साहनी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मत्स्यजीवी समुदाय के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सहकारी समितियां इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
बैठक में आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज की उपलब्धता, जलाशयों के वैज्ञानिक प्रबंधन तथा मत्स्य पालन के माध्यम से स्वरोजगार के अवसरों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रतिभागियों से विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर मत्स्य उत्पादन बढ़ाने और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार सदर विनय प्रभाकर, उप निदेशक मत्स्य आर.के. श्रीवास्तव, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, मत्स्य निरीक्षक बेंकटेश्वर त्रिपाठी, हनीफ अहमद, सहकारी समितियों के सचिव एवं अध्यक्ष, मत्स्य पालक तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


