उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
कांवड़ यात्रा से पहले बस्ती में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, सीडीओ ने दिए सख्त निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 30 जुलाई। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद की सड़क सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा मार्गों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग और संकेतक बोर्ड लगाने सहित सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किए जाएं।
सीडीओ ने दुर्घटना संभावित स्थानों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और संबंधित विभाग प्रभावी कार्ययोजना के अनुसार यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देशित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित सभी ढाबों, होटल और भोजनालयों में खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए। दुकानदार निर्धारित दरों पर ही खाद्य सामग्री की बिक्री करें तथा गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों के बाहर अनाधिकृत वाहनों की पार्किंग रोकने के निर्देश भी दिए गए, जिससे यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके।
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक आनंद कुमार गुप्ता, डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, एआरटीओ धर्मेंद्र कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार, एसडीएम राजेश यादव, बीएसए अनुप तिवारी, यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी, आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, विद्युत विभाग के अधिकारी, एनएचआई के प्रतिनिधि, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य प्रमोद ओझा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


