बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

विधायक डॉ. अरूण चौधरी ने 18 प्रमुख सड़कों एवं राम घाट निर्माण कार्य का किया शिलान्यास

16.60 करोड़ की लागत से शहर की प्रमुख सड़कें होंगी विकसित, 1.46 करोड़ से बनेगा आधुनिक राम घाट

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 13 जुलाई। बालोतरा शहर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने और धार्मिक एवं पर्यटन महत्व के स्थलों का विकास करने की दिशा में सोमवार को विधायक डॉ. अरूण चौधरी ने नगर परिषद क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। वृंदावन पार्क के समीप आयोजित समारोह में उन्होंने सीसी एवं बीटी सड़क निर्माण कार्यों के साथ-साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत लूनी नदी के किनारे राम घाट निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
इस अवसर पर विधायक डॉ. अरूण चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार बालोतरा शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और शहर में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लूनी नदी के समीप 146.91 लाख रुपये की लागत से बनने वाला राम घाट धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण स्थल के रूप में विकसित होगा।
उन्होंने कहा कि बालोतरा की जीवनदायिनी मरुगंगा कही जाने वाली लूनी नदी से लोगों की आस्था वर्षों से जुड़ी रही है। राम घाट का निर्माण इस आस्था को नई पहचान देगा। घाट के आसपास स्थित मंदिरों के कारण यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकेगा तथा शहर के सौंदर्यकरण में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
विधायक डॉ. चौधरी ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र की 18 प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग 16.60 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान होगा तथा नागरिकों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। निर्माण कार्यों में नगर परिषद से जीरो फाटक वाया मुंगड़ा रोड, मालानी होटल से जेरला रोड, मारुति सुजुकी से मुंगड़ा चौराहा, द्वितीय क्रॉसिंग से भगत सिंह सभा स्थल, कुम्हारों का चौक से जेरला रोड, हनुमंत भवन से तृतीय फाटक, वर्धमान स्कूल से बाईपास, घंटाघर से छतरियों का मोर्चा, सीनियर स्कूल से फ्लड चौनल, शिव चौक से भांडियावास रोड, बस स्टैंड से महादेव चौक, डागा अस्पताल से महादेव चौक, भगवती चौक एवं हिंगलाज माता मंदिर मार्ग, पुराना चौच मंदिर से हनवंत सराय, हाउसिंग बोर्ड से शिव कॉलोनी तथा आसोतरा रोड से शिव कॉलोनी सहित शहर की अनेक महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण एवं उन्नयन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ-साथ शहर के सौंदर्यकरण को भी विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। आगामी समय में बस स्टैंड क्षेत्र के नाले की सफाई एवं सौंदर्यकरण, सार्वजनिक श्मशान स्थल का विकास तथा लूनी नदी पुलिया के सौंदर्यकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी करवाए जाएंगे। इन परियोजनाओं से शहर का स्वरूप और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित बनेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने उपस्थित पूर्व पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे शहर के विकास कार्यों, स्वच्छता अभियान, सौंदर्यकरण योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आमजन के सहयोग से ही बालोतरा को एक आधुनिक, स्वच्छ एवं विकसित शहर बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
इस दौरान कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भरत मोदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, नगर परिषद आयुक्त आशुतोष आचार्य, पूर्व सभापति सुमित्रा जैन, महेश चौहान, प्रभा सिंघवी, अधिषाशी अभियंता अखाराम पंवार, जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति के सदस्य सुखदेव जीनगर, झुमरलाल सार्जेट, त्रिलोक माली समेत पूर्व पार्षद, गणमान्य नागरिक तथा प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button