बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
सांवलराम सेजू की द्वितीय पुण्यतिथि पर 51 पौधों का पौधारोपण, पुस्तकालय विकास के लिए ₹31 हजार का सहयोग

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा, 7 जुलाई। मेघवाल शिक्षा एवं विकास संस्थान, बालोतरा में मंगलवार को स्वर्गीय सांवलराम सेजू की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनकी पावन स्मृति में छात्रावास परिसर में 51 पौधों का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभ सान्निध्य रणजीत आश्रम, बालोतरा के महामंडलेश्वर एवं गादीपति श्री श्री 1008 अमृतारामजी महाराज का रहा। आयोजन का उद्देश्य स्वर्गीय सांवलराम सेजू के जीवन मूल्यों को प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा शिक्षा सेवा के माध्यम से समाज तक पहुंचाना था।
इस दौरान स्वर्गीय सांवलराम सेजू के परिवार की ओर से संस्थान की लाइब्रेरी के विकास के लिए ₹31,000 की सहयोग राशि देने की घोषणा की गई। उनके पुत्र सुरेश सेजू, रमेश सेजू एवं समाजसेवी राजू सेजू ने कहा कि शिक्षा और समाज सेवा के कार्यों में परिवार का सहयोग आगे भी जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि प्रथम पुण्यतिथि पर भी परिवार ने 21 पौधों का पौधारोपण कर ₹21,000 की सहयोग राशि प्रदान की थी।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक गोपाराम मेघवाल, पूर्व विधायक मदन प्रजापत, पूर्व प्रधान भगवत सिंह जसोल, पूर्व सरपंच ईश्वर सिंह चौहान, संस्थान अध्यक्ष आसुराम बोखा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, संस्थान पदाधिकारी, छात्रावास के छात्र एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में सभी उपस्थितजनों ने स्वर्गीय सांवलराम सेजू को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग जैसी पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं समाज निर्माण का संदेश देते हुए किया गया।

Subscribe to my channel


