जयपुरदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

सेना प्रमुख ने डॉ. शिखा गर्ग को ‘वेटरन अचीवर्स अवॉर्ड’ से किया सम्मानित, समाज सेवा के लिए मिली राष्ट्रीय पहचान

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

जयपुर। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहीं लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) डॉ. शिखा गर्ग को उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए सेना प्रमुख द्वारा प्रतिष्ठित ‘वेटरन अचीवर्स अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी निस्वार्थ सेवा, समर्पण और मानव कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।

डॉ. शिखा गर्ग ने भारतीय सेना में चिकित्सक के रूप में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं और हजारों लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने समाज सेवा का अपना मिशन जारी रखा और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जनजागरूकता के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही हैं।

वर्ष 2021 से वह शौर्य सेवा संस्थान के माध्यम से जयपुर के बाबा रामदेव नगर स्थित कच्ची बस्ती में संचालित सावित्रीबाई फुले पाठशाला के वंचित बच्चों की शिक्षा को प्रायोजित कर रही हैं। अपने समय, श्रम और आर्थिक सहयोग से उन्होंने लगभग 50 बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कचरा बीनने वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनके हाथों में पुस्तकों का संसार सौंपा। साथ ही कई बच्चों की फीस प्रायोजित कर उन्हें मानसरोवर स्थित ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर भी दिलाया।

डॉ. शिखा गर्ग कृष्णा चैरिटेबल फाउंडेशन की सक्रिय सदस्य भी हैं। संस्था के माध्यम से वर्ष 2015 में जयपुर के चोगान स्टेडियम में दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए व्हीलचेयर क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन कराया गया। वर्तमान में वह शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए भी लगातार कार्य कर रही हैं।

डॉ. शिखा गर्ग का मानना है कि सच्ची सेवा वही है, जो बिना किसी स्वार्थ और अपेक्षा के की जाए। यही भावना उनके प्रत्येक सामाजिक कार्य में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

सेना प्रमुख के हाथों प्राप्त ‘वेटरन अचीवर्स अवॉर्ड’ केवल डॉ. शिखा गर्ग की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उन सभी पूर्व सैनिकों के लिए भी गर्व और सम्मान का विषय है, जो वर्दी उतारने के बाद भी राष्ट्र और समाज की सेवा में निरंतर अपना योगदान दे रहे हैं।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button