आसमबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा

डीएमएस एस.पी. लॉ कॉलेज में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, डीएलएसए सचिव देवेंद्र कुमार ने किया विद्यार्थियों को संबोधित

अभिषेक पाण्डेय, बस्ती

बस्ती, 23 जून 2026। कर्मा देवी समूह की इकाई डीएमएस एस.पी. लॉ कॉलेज, बस्ती में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के समर इंटर्नशिप कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के मूट कोर्ट सभागार में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा विधि छात्रों को विधिक अधिकारों, न्याय तक पहुंच तथा नि:शुल्क विधिक सहायता संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत कर्मा देवी समूह की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशु सिंह गौतम एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

स्वागत संबोधन में विभागाध्यक्ष डॉ. रफी अहमद खान, डीएमएस एस.पी. लॉ कॉलेज ने विधिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक को सशक्त बनाती है और न्याय तक उसकी पहुंच सुनिश्चित करती है।

अपने संबोधन में अंशु सिंह गौतम ने कहा कि युवा विधि छात्रों को समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक न्याय संबंधी जानकारी पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून की शिक्षा को सामाजिक सेवा से जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कौशल किशोर श्रीवास्तव, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल तथा नीतिश श्रीवास्तव, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल ने नि:शुल्क विधिक सहायता, संवैधानिक अधिकारों तथा न्यायिक प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान की। वहीं अधिवक्ता सुशांत दुबे, सहायक प्राध्यापक लॉ कॉलेज ने विधि छात्रों के लिए व्यावहारिक कानूनी ज्ञान के महत्व पर विचार व्यक्त किए।

मुख्य वक्ता देवेंद्र कुमार, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) ने विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं एवं आमजन को उपलब्ध नि:शुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता एक न्यायपूर्ण और सशक्त समाज की आधारशिला है।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में आदित्य विक्रम सिंह, डीन, कर्मा देवी समूह ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विधि छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button