LIVE TVउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

मुहर्रम पर्व को लेकर अमीरनगर चौकी में पीस कमेटी की बैठक, प्रशासन ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश

 

रिपोर्ट: डॉ. संजय कुमार पांडेय, स्टेट हेड (उत्तर प्रदेश)

मोबाइल: 7376326175

लखीमपुर खीरी, 19 जून। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चौकी अमीरनगर परिसर में जिलाधिकारी अंजनी सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग की अध्यक्षता में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, मुस्लिम धर्मगुरुओं, मौलानाओं, ताजियादारों तथा ताजिया निर्माताओं ने भाग लिया।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने सभी लोगों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मुहर्रम पर्व मनाने की अपील की। साथ ही शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रमुख दिशा-निर्देश

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि सभी ताजियादार एवं ताजिया निर्माता ताजिया की ऊंचाई अधिकतम 12 फीट तक ही रखें। इसके अतिरिक्त मुहर्रम जुलूस के दौरान तलवारबाजी अथवा किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जुलूस एवं मेले में डीजे बजाने की भी अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी जोर देते हुए लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, तथ्यहीन या भड़काऊ पोस्ट साझा न करें। पुलिस प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी की जा रही है।

बैठक में जुलूस मार्ग पर पड़ने वाले पेड़ों की छंटाई, बिजली के तारों को व्यवस्थित कराने तथा मेले में एंबुलेंस, चिकित्सकीय टीम और सार्वजनिक शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।

प्रशासन ने बताया कि जनपद में वर्तमान में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है, इसलिए सभी नागरिक शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व मनाएं।

सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

मुहर्रम मेले एवं जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा क्षेत्र के अवांछित एवं शरारती तत्वों को पहले से ही पाबंद किया जा चुका है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी अप्रिय स्थिति या शांति भंग करने के प्रयास पर पुलिस प्रशासन तत्काल एवं कठोर कार्रवाई करेगा।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button