उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
खेत बचाओ अभियान-2026: किसानों को प्राकृतिक संसाधन संरक्षण और आधुनिक खेती की दी गई जानकारी

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 12 जून 2026। खेत बचाओ अभियान-2026 के तहत विकास खंड गौर की ग्राम पंचायत गौर एवं अइलाकला में किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को कृषि उत्पादन बढ़ाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा खेती की लागत कम करने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. वी. बी. सिंह ने किसानों को मृदा की उर्वरा शक्ति बनाए रखने, जैविक पदार्थों के उपयोग, फसल अवशेष प्रबंधन और रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के संतुलित प्रयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संसाधन संरक्षण आधारित खेती अपनाने से भूमि की उत्पादकता लंबे समय तक बनी रहती है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
वहीं गृह वैज्ञानिक डॉ. अंजली वर्मा ने कृषि और पोषण के बीच गहरे संबंध पर प्रकाश डालते हुए किसानों को विविध फसलों, हरी सब्जियों और स्थानीय खाद्य पदार्थों को अपने दैनिक आहार में शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेती केवल उत्पादन का माध्यम नहीं है, बल्कि परिवार की पोषण सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार भी है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को खेतों की मेड़ों पर वृक्षारोपण, जैव विविधता संरक्षण तथा जल संसाधनों के समुचित उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने किसानों से पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियां अपनाने का आह्वान किया, जिससे खेती अधिक लाभकारी और टिकाऊ बन सके।
इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि, एडीओ (कृषि), एटीएम, बीटीएम सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


