उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती के पुरैना खास में रात्रिकालीन चौपाल, जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 11 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक चल रहे “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम आधारित समेकित जन कल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के तहत हर्रैया विकासखंड के पुरैना खास गांव में रात्रिकालीन चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल का उद्देश्य आम जनता को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना था। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सहभागिता कर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्र, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष गौरव त्रिपाठी सहित जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
चौपाल में विभागीय अधिकारियों ने संस्थागत सुरक्षित प्रसव, नियमित टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना, पात्र गृहस्थी राशन कार्ड, पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं, कृषि, बागवानी, शिक्षा तथा हस्तकौशल विकास से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए संतृप्तिकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम का संचालन डीसी मनरेगा संजय शर्मा ने किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को सम्मानित भी किया गया। ग्राम प्रधान मो. सलीम एवं ग्राम पंचायत सचिव ने ग्रामीणों को चौपाल में भाग लेने के लिए प्रेरित किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।
ग्रामीणों ने चौपाल के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी समस्याएं और सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे। प्रशासन ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

Subscribe to my channel


