जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़

छत्राल में बैंक शाखा खोलने की मांग तेज, दूरदराज पंचायतों के हजारों लोगों को होगी राहत

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ

 

मेंढर, 07 मई 2026। सामाजिक कार्यकर्ता तनवीर इकबाल कुरैशी ने संबंधित प्रशासन और बैंकिंग संस्थानों से छत्राल क्षेत्र में पूर्ण बैंक शाखा स्थापित करने की जोरदार मांग की है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र कई दूरस्थ पंचायतों का केंद्र बिंदु है, जहां बड़ी आबादी आज भी नजदीकी बैंक सुविधा से वंचित है।

तनवीर इकबाल कुरैशी ने कहा कि छत्राल भौगोलिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है और आसपास की कई पंचायतों के लोगों के लिए मुख्य केंद्र का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि नारोल, चैक बोनाला, बोनाला, तकिया कलाबन, कलाबन फैजाबाद, कलाबन, पठानातीर, जुगल, भाटीदार, छुंगन चरारून, छुंगन चौधरियां और सलवाह समेत कई पंचायतों के लोगों को बैंकिंग सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि बैंक शाखा न होने के कारण ग्रामीणों को खाते से पैसे निकालने, जमा करने, सरकारी योजनाओं की राशि प्राप्त करने, छात्रवृत्ति, पेंशन और अन्य जरूरी कार्यों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसका सबसे अधिक असर बुजुर्गों, महिलाओं, छात्रों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग पर पड़ रहा है।

कुरैशी ने कहा कि यदि छत्राल में बैंक शाखा स्थापित की जाती है तो हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही लोगों को समय और धन दोनों की बचत होगी।

उन्होंने प्रशासन और बैंक अधिकारियों से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द छत्राल में बैंक शाखा खोलने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button