जोधपुरदेशधर्मब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
खारिया (आनावास) में तेजाजी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा 24 अप्रैल को, सर्व समाज की भागीदारी से बनेगी सद्भावना की मिसाल

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
खारिया (आनावास)/जोधपुर:
राजस्थान के जोधपुर जिले की पीपाड़ उपखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खारिया (आनावास) में नव निर्मित सत्यवादी वीर कंवर तेजाजी महाराज के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा एवं ध्वजा रोहण समारोह आगामी 24 अप्रैल 2026, शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सर्व समाज की एकता और सद्भावना का भी प्रतीक होगा।
मंदिर समिति के अनुसार प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम सुबह 6:15 बजे से 10:15 बजे तक संपन्न होगा, जबकि ध्वजा रोहण दोपहर 12:15 बजे किया जाएगा। इससे पूर्व 23 अप्रैल को सुबह 6:15 बजे अजमेर के सुरपुरा स्थित वीर तेजाजी मंदिर से ज्योत रवाना होकर दोपहर 12:15 बजे खारिया पहुंचेगी।
इस राज्य स्तरीय आयोजन की खास बात यह है कि गांव की 36 कौम के लोग एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। विशेष रूप से सिंधी (मुस्लिम) समाज की भागीदारी ने आपसी भाईचारे और सद्भावना की एक नई मिसाल पेश की है।
16 अप्रैल को आयोजित सर्व समाज की बैठक में सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैनर लोकार्पण कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया, जिनमें राजपूत, चौहान, सुथार, वैष्णव, पटेल, कुम्हार, सिंधी (मुस्लिम), लुहार, मेघवाल और नायक (भील) समाज के प्रमुख लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम की प्रमुख झलकियां:
10 अप्रैल से 23 अप्रैल तक बोली कार्यक्रम
22 अप्रैल सुबह 8:15 बजे कलश यात्रा
23 अप्रैल सुबह 7:15 बजे हवन
23 अप्रैल सुबह 10:15 बजे तेजा गायन
23 अप्रैल शाम 7:15 बजे जागरण
24 अप्रैल सुबह 6:15 से 10:15 बजे प्राण प्रतिष्ठा
24 अप्रैल दोपहर 12:15 बजे ध्वजा रोहण
24 अप्रैल सुबह 11:15 बजे से महाप्रसादी
मंदिर निर्माण समिति के सदस्यों ने बताया कि इस भव्य आयोजन में धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और एकता का भी संदेश देगा, जहां सभी समाज के लोग मिलकर एक ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बन रहे हैं।

Subscribe to my channel


