उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
रविवार को भी खुलेंगे बस्ती के उप निबंधक कार्यालय, शाम 6 बजे तक होगा पंजीकरण कार्य

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 20 मार्च 2026:
जनपद बस्ती में आम जनता को विलेख पंजीकरण की सुविधा देने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। सहायक महानिरीक्षक निबंधन देवेन्द्र कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 मार्च 2026 (रविवार) को सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद जिले के सभी उप निबंधक कार्यालय खुले रहेंगे।
यह निर्णय मार्च माह में त्योहारों के कारण कार्य दिवस कम होने और लोगों को अधिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है। निर्देश लखनऊ स्थित महानिरीक्षक निबंधन कार्यालय से प्राप्त हुए हैं, जिनके अनुपालन में यह व्यवस्था लागू की जा रही है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रविवार को भी कार्यालय सामान्य रूप से कार्य करेंगे और शाम 6:00 बजे तक रजिस्ट्रीकरण की प्रक्रिया जारी रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों का पंजीकरण करा सकें।
इसके साथ ही बताया गया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 समाप्ति की ओर है और स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग राज्य सरकार के लिए राजस्व का एक प्रमुख स्रोत है। ऐसे में शासन की प्राथमिकता है कि निर्धारित राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), बार एसोसिएशन, स्टाम्प विक्रेताओं एवं दस्तावेज लेखकों को भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इस सूचना को पहुंचाया जा सके।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने आवश्यक दस्तावेजों का पंजीकरण समय पर कराएं।
Subscribe to my channel


