उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़रोज़गार
बस्ती में वृहद रोजगार मेला: 2500 युवाओं ने लिया हिस्सा, 1455 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 18 मार्च 2026 (सू.वि.)। जनपद बस्ती में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा शिवहर्ष किसान पी.जी. कॉलेज में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। इस मेले में देश की 18 प्रतिष्ठित कंपनियों ने लगभग 2000 विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, हर्रैया विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्र, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा तथा प्राणी विज्ञान विभागाध्यक्ष सुष्मिता श्रीवास्तवा द्वारा सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
अपने संबोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं को बेहतर रोजगार उपलब्ध कराना है और इसी उद्देश्य से इस प्रकार के रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव ने कहा कि यह युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है, जहां उन्हें अपने ही जनपद में साक्षात्कार के माध्यम से रोजगार पाने का मौका मिल रहा है।
जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा ने जानकारी दी कि यह मेला पूरी तरह निःशुल्क है और अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न कंपनियों में इंटरव्यू देकर चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान लगभग 21 चयनित अभ्यर्थियों को अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र/ऑफर लेटर भी वितरित किए गए।
इस रोजगार मेले में करीब 2500 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों जैसे टाटा मोटर्स, एल एंड टी, हीरो मोटोकॉर्प, रिलायंस इंडस्ट्रीज, फ्लिपकार्ट, मोटरोला, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, एसबीआई, एलआईसी सहित अन्य कंपनियों ने कुल 1455 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों पर शॉर्टलिस्ट किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर सुष्मिता श्रीवास्तवा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। संचालन डॉ. सिद्धार्थ कुमार ने किया। आयोजन में डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डॉ. त्रिलोकीनाथ सहित सेवायोजन विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


