ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
हादसे के बाद पूरा प्रशासन पहुंचा मौके पर, राहत-बचाव कार्य तेज
औद्योगिक सुरक्षा पर बड़ा एक्शन: 7 दिन में सभी इकाइयों की होगी जांच

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खुशखेड़ा-भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र के खुशखेडा स्थित फैक्ट्री में हुई दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा तत्काल एवं समन्वित रूप से राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं। सूचना प्राप्त होते ही प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी एवं अग्निशमन दल मौके पर पहुंच गए तथा युद्धस्तर पर कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण एवं प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित निकालने का कार्य किया गया।
जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल एवं चिकित्सा केंद्रों का निरीक्षण कर घायलों के समुचित उपचार एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबन्धित अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए है। घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर चिकित्सा सुविधा हेतु एआईआईएमएस दिल्ली में रेफर किया गया है। *फैक्ट्री परिसर की गहन तलाशी एवं बचाव अभियान पूर्ण कर लिया गया है तथा वर्तमान में परिसर के भीतर किसी भी व्यक्ति के फंसे होने की संभावना नहीं है। दुर्भाग्यवश इस घटना में सात व्यक्तियों के मृत पाए जाने की पुष्टि हुई है।*
माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री संजय शर्मा जयपुर से घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं तथा जिला प्रशासन से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।
जिला प्रशासन इस कठिन समय में मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है तथा घायलों को हर संभव उपचार एवं सहायता उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों में जिला प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। प्रशासन राहत, उपचार एवं सहायता से संबंधित सभी आवश्यक कदम पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित कर रहा है।
प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए आगामी सात दिवस में सभी औद्योगिक इकाइयों की व्यापक जांच करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान इकाइयों में संचालित गतिविधियों, अग्नि सुरक्षा उपायों, वैधानिक अनुमतियों एवं श्रमिक सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके तथा औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन द्वारा आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों, अफवाहों से सर्तक रहने एवं ऐसे दुखांत समय में प्रशासन का सहयोग करने का आव्हान किया है।

Subscribe to my channel


