
राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर/रिंगस।
श्याम बाबा के प्रति अपार श्रद्धा और भक्ति की अनुपम मिसाल पेश करते हुए दुबई में निवासरत मारवाड़ी प्रवासियों के “श्याम रंग रसिया परिवार” द्वारा खाटू श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस पावन यात्रा में कुल 80 श्याम भक्तों ने सहभागिता की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्याम भक्तों का यह दल 6 फरवरी 2026 को दुबई से हवाई जहाज द्वारा रवाना हुआ तथा 7 फरवरी 2026 को रिंगस पहुँचा। रिंगस पहुँचने के पश्चात सभी श्रद्धालु अपने-अपने निजी वाहनों से खाटू श्याम जी की ओर प्रस्थान कर मंडा गाँव पहुँचे।
मंडा में श्री श्याम भक्त मंडल द्वारा आयोजित कीर्तन में सभी श्याम भक्तों ने भाग लिया। इस दौरान भक्तों द्वारा श्याम बाबा के भजनों का गुणगान किया गया, जिससे पूरा वातावरण “जय श्री श्याम” के जयकारों से भक्तिमय हो उठा। कीर्तन के पश्चात शाम करीब 4 बजे खाटू श्याम बाबा के निज मंदिर से लगभग 8 किलोमीटर पूर्व स्थित स्थान से पैदल निशान यात्रा का शुभारंभ किया गया।
हाथों में बाबा का निशान ध्वज लिए श्रद्धालु अनुशासन और भक्ति भाव के साथ आगे बढ़ते रहे। यह पदयात्रा लगभग चार घंटे तक चली और रात्रि करीब 8 बजे सभी भक्त खाटू श्याम बाबा के निज मंदिर पहुँचे, जहाँ विधिवत निशान अर्पित कर बाबा के दर्शन किए गए।
इस निशान यात्रा में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं एवं बच्चों की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही। सभी भक्त पीले वस्त्रों में नजर आए, जबकि महिलाएं लाल एवं पीली साड़ियों में सजी हुई थीं, जिससे यात्रा का दृश्य अत्यंत मनोहारी एवं भक्तिमय दिखाई दिया। पूरे मार्ग में बाबा के जयकारों से भक्ति का माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं ने बताया कि यह निशान यात्रा पिछले पाँच वर्षों से लगातार फाल्गुन उत्सव के अवसर पर आयोजित की जा रही है। यात्रा के पश्चात दुबई में भी श्याम बाबा का भव्य कीर्तन आयोजित किया जाता है, जिसमें दुबई के कई जाने-माने एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों की सहभागिता रहती है। यह आयोजन विदेश में रहकर भी भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं के प्रति प्रवासियों की अटूट आस्था को दर्शाता है।
इस संपूर्ण यात्रा से संबंधित जानकारी बीकानेर में यात्रा में सम्मिलित एक श्रद्धालु के रिश्तेदार अनिल बंसल एवं उनकी धर्मपत्नी हंसा बंसल द्वारा उपलब्ध करवाई गई।

Subscribe to my channel


