रोटरी क्लब बालोतरा के सानिध्य में बाघ बकरी चाय परिवार के सौजन्य से तथा ब्लाइंड पीपल्स एसोसिएशन (इंडिया), अहमदाबाद के तत्वावधान में 4 फरवरी को एक निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
क्लब के मीडिया प्रभारी ओम प्रकाश बांठिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर जांगिड़ रोटरी भवन, खेड़ रोड, बालोतरा में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में नेत्र ज्योति हॉस्पिटल, बाड़मेर के वरिष्ठ नेत्र चिकित्सकों द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की जाएगी। जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित चयनित मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन भी किया जाएगा।
इस सेवा कार्य में सह-प्रायोजक के रूप में संजीवनी दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र, जोधपुर का भी सहयोग प्राप्त होगा।
रोटरी क्लब अध्यक्ष सीए पवन गर्ग, सचिव हितेंद्र छाजेड़ सहित क्लब के सभी सदस्य शिविर की व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। क्लब द्वारा आमजन से इस नेत्र जांच शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई है।