उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़व्यापार
किसान कांग्रेस ने वाल्टरगंज मिल प्रकरण पर सरकार को चेतावनी दी, कर्मचारियों का बकाया वेतन भुगतान कर मिल चालू कराने की मांग

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 16 जनवरी 2026:
किसान कांग्रेस उत्तर प्रदेश पूर्वी जोन के अध्यक्ष रामभवन शुक्ल ने वाल्टरगंज सुगर मिल को चालू कराने और कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों का प्रत्येक पाई का वेतन वसूल नहीं किया जाएगा, तब तक न तो मिल काटने की अनुमति दी जाएगी और न ही उपकरणों को बाहर ले जाने दिया जाएगा।
रामभवन शुक्ल ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इस मामले पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सांसद तनुज पुनिया सहित अन्य शीर्ष नेताओं से विस्तार से चर्चा हुई है। नेतृत्व ने मिल को चालू कराने के लिए निर्णायक संघर्ष छेड़ने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि 2004 में बजाज हिन्दुस्तान लिमिटेड ने इस मिल को नारंग कंपनी से खरीदा और फिर फेनिल ग्रुप को दे दिया। 2020-21 में मिल की मरम्मत कराकर उसका ट्रायल किया गया था, जिसमें यह चलने योग्य पाई गई थी। बावजूद इसके सैकड़ों कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करते हुए मिल को काटकर कबाड़ के रूप में बेचने की साजिश रची जा रही है।
रामभवन शुक्ल ने बताया कि इलाके के 75 किसान नौकरी के लालच में अपनी जमीनें दे चुके थे। मिल बंद होने से उनकी नौकरियां भी खत्म हो गई हैं। कई किसान भूमिहीन हो चुके हैं और उनके पास आय का दूसरा कोई स्रोत नहीं है। 2018 से कर्मचारियों का लगभग 10 करोड़ रुपये बकाया है। इसके कारण उनके परिवार भुखमरी, कर्ज और सामाजिक अपमान की स्थिति झेल रहे हैं।
किसान नेता ने कहा कि मिल के बंद होने से न केवल कर्मचारियों और किसानों के हितों की अनदेखी हो रही है, बल्कि लगभग 45 हजार किसानों पर इसका प्रत्यक्ष प्रभाव पड़ा है। साथ ही, इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
रामभवन शुक्ल ने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय प्रशासन और सरकार वाल्टरगंज मिल को चालू कराने और बकाया वेतन का भुगतान कराने में गंभीरता नहीं दिखाती हैं, तो किसान कांग्रेस हजारों किसानों के साथ मिल का घेराव कर धरना प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।
इस मौके पर किसान कांग्रेस के बस्ती जिला प्रभारी अभय शुक्ला, जिलाध्यक्ष कुंवर जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित सिंह, गंगा प्रसाद मिश्रा, महेन्द्र यादव सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


