अलवरब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान

अलवर के समग्र विकास के विज़न पर राजस्थान के मुख्य सचिव एवं माननीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव के बीच उच्चस्तरीय बैठक

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

अलवर संसदीय क्षेत्र के नियोजित एवं सतत विकास के विज़न पर विचार-विमर्श हेतु राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव एवं माननीय केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव के मध्य एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में शहरी विकास, औद्योगिक विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, आधारभूत ढाँचा सुदृढ़ीकरण, जल सुरक्षा, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, परिवहन सुविधाओं के विस्तार तथा धार्मिक पर्यटन से जुड़े विषयों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई।

*बैठक के प्रमुख विषय:*

*पर्यावरण संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन*

अलवर एवं भिवाड़ी के लिए तैयार एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजना, जिसमें घर-घर से कचरा संग्रहण एवं पीपीपी मोड पर वेस्ट-टू-एनर्जी संयंत्र की स्थापना शामिल है, को एक महत्वपूर्ण पर्यावरणीय पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।

*जल सुरक्षा एवं जलभराव की समस्या का समाधान*

भिवाड़ी–धारूहेड़ा सीमा पर जलभराव की दीर्घकालिक समस्या पर चर्चा करते हुए वर्षा जल एवं एसटीपी से उपचारित जल के वैज्ञानिक निस्तारण हेतु गुरुत्व आधारित भूमिगत पाइपलाइन प्रणाली पर अंतर्राज्यीय समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया गया। इसके साथ ही ईआरसीपी योजना के अंतर्गत नीमराना एवं बिगोटा (राजगढ़) में प्रस्तावित बांधों पर भी विचार किया गया।

*शहरी आधारभूत ढाँचा एवं परिवहन सुविधाएँ*

अलवर में नए बस स्टैंड तथा बहरोड़ बस स्टैंड के विकास से संबंधित प्रस्तावों की समीक्षा की गई, जिससे क्षेत्रीय संपर्क एवं सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।

लंबित शहरी मुद्दों का समाधान

बैठक में अलवर की यूआईटी की दीर्घकाल से लंबित आवासीय योजनाओं पर ध्यान देते हुए इनके शीघ्र निस्तारण हेतु राज्य स्तर पर निर्णय लेने की आवश्यकता पर बल दिया गया, जिससे प्रभावित भू-स्वामियों को राहत मिल सके।

*धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन का विकास*

भिवाड़ी स्थित बाबा मोहन राम मंदिर कॉरिडोर के विकास पर विशेष जोर दिया गया। इस परियोजना के अंतर्गत सड़क, परिसर तथा स्मार्ट अधोसंरचना विकास के माध्यम से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने एवं क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने का लक्ष्य रखा गया।

*नियोजित शहरी एवं औद्योगिक विकास*

साथ ही क्षेत्र के नियोजित विकास हेतु भिवाड़ी विकास प्राधिकरण (BDA) को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।

बैठक में नीमराना एवं बहरोड़ के लिए पृथक अर्बन इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट (UIT) के गठन पर भी चर्चा की गई, जिससे इन तेजी से विकसित हो रहे शहरी एवं औद्योगिक क्षेत्रों में योजनाबद्ध विकास, अधोसंरचना विस्तार तथा नागरिक सुविधाओं का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।

*KBNIR परियोजना को गति देने पर विशेष फोकस*

बैठक में KBNIR (खुशखेरा–भिवाड़ी–नीमराना–इन्वेस्टमेंट रीजन) परियोजना को शीघ्र गति प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया। इस परियोजना को क्षेत्र के औद्योगिक, आर्थिक एवं रोजगार सृजन के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया।

*बैठक का निष्कर्ष*

बैठक में राज्य एवं केंद्र सरकार के बीच समन्वित प्रयासों से अलवर के समग्र, संतुलित एवं सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। मुख्य सचिव द्वारा प्रमुख प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जबकि माननीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने पर्यावरणीय संतुलन एवं दीर्घकालिक नियोजन के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर बल दिया।

यह बैठक अलवर के विज़न को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button