राजकीय इण्टर कॉलेज परिसर, बस्ती में आयोजित मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी को आम जनमानस का भरपूर समर्थन मिल रहा है। यह प्रदर्शनी 20 दिसम्बर से 29 दिसम्बर 2025 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं।
परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी एल. बी. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शनी में खादी वस्त्रों के साथ-साथ ग्रामोद्योग से जुड़े विभिन्न प्रकार के उत्पादों के आकर्षक स्टाल लगाए गए हैं। इन स्टालों पर लोगों की खासी भीड़ देखी जा रही है और लोग अपने मनपसंद सामानों की खरीद कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी को लेकर आम लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों की गुणवत्ता और किफायती दाम लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
एल. बी. सिंह ने खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, बस्ती की ओर से नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों से अपील की है कि वे प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचकर अधिक से अधिक खरीदारी करें और ग्रामोद्योग को बढ़ावा देकर शासन की मंशा को सफल बनाने में सहयोग करें।