उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़व्यापार
मंडल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का उद्घाटन, 29 दिसंबर तक चलेगा आयोजन

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 20 दिसम्बर 2025 (सू.वि.)।
जिला खादी एवं ग्रामोद्योग कार्यालय, बस्ती द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित मंडल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी अध्यक्ष एवं परिक्षेत्रीय जिला ग्रामोद्योग अधिकारी एल.बी. सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शनी 29 दिसंबर 2025 तक संचालित की जाएगी। प्रदर्शनी में हस्तकला एवं शिल्प से निर्मित घरेलू उपयोग की वस्तुएं आम जनमानस को निर्धारित एवं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने मंडल के सम्मानित नागरिकों से अपील की कि वे प्रदर्शनी में आकर इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने कहा कि शासन की मंशा शुद्ध देशी तरीके से निर्मित उत्पादों को बढ़ावा देकर ग्रामीण कारीगरों और उद्योगों को सशक्त बनाना है। ऐसे उत्पादों के उपयोग से न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि स्वदेशी उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रदर्शनी में सहभागिता करने तथा आम लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप यादव, इलियास अहमद, जे.बी. सिंह, चंद्रभान पाण्डेय, उप प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार, सहायक उद्योग नियंत्रक महेंद्र यादव, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी नीरज कुमार सिंह, सिद्धार्थनगर से गंगाधर दूबे सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


