बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान
कांग्रेस ने मोदी-शाह का पुतला फूंका, नेशनल हेराल्ड मामले में हाईकोर्ट के फैसले का किया स्वागत

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 17 दिसंबर 2025:
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी शहर और देहात की संयुक्त बैठक में नेशनल हेराल्ड मामले में हाईकोर्ट द्वारा ईडी की चार्जशीट को खारिज करने के बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार की कथित बदनीयत और गैरकानूनी कार्रवाई को बेनकाब करने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंका।
कांग्रेसजन गांधी पार्क से म्यूजियम सर्कल होते हुए बीजेपी कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन पन्नालाल बारूपाल की मूर्ति के पास पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद सड़क पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच खींचतान और तीखी नोकझोंक हुई। वहीं विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोदी और शाह का पुतला फूंका।
शहर जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि माननीय अदालत ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को अवैध और दुर्भावना से ग्रसित पाया। अदालत ने स्पष्ट किया कि ईडी के पास इस मामले में कोई एफआईआर या क्षेत्राधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी और हमारा नेतृत्व सत्य और हर भारतीय के अधिकारों के लिए लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमें कोई डरा नहीं सकता। हम सत्य के लिए लड़ते हैं।”
पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविन्दराम मेघवाल ने कहा कि दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट का निर्णय इस बात का प्रमाण है कि सत्ता के दबाव में सत्य को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि यह केस शुरू से ही मोदी सरकार द्वारा राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित था, जिसका उद्देश्य गांधी परिवार को बदनाम करना था।
पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने इस निर्णय को “सत्य की जीत” करार दिया और बताया कि कोर्ट ने ईडी की मनी लॉन्ड्रिंग शिकायत को खारिज कर यह स्पष्ट कर दिया कि इसमें कोई अपराध नहीं बनता।
इस मौके पर जिला संगठन महासचिव मार्शल प्रहलादसिंह ने बताया कि कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भंवर कूकणा, महिला शहर अध्यक्ष शशिकला राठौड़, महिला देहात अध्यक्ष शांति बेनिवाल, प्रदेश महासचिव गजेन्द्र सांखला, अ.पि.व. अध्यक्ष उमा सुथार, एससी विभाग अध्यक्ष चन्द्रशेखर चांवरिया, नगर निगम पूर्व नेता प्रतिपक्ष चेतना डोटासरा सहित दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मार्शल ने बताया कि पुतला दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल थे, जिनमें संजय गोयल, गोवर्धन मीणा, सुरेश वाल्मिकी, रविकान्त वाल्मिकी, हाजीर खां, अकरम अली, एड. इसाक अली सहित अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


