जयपुरदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

गौ-सेवक मीणा दंपति का नेपाल में होगा भव्य अभिनंदन

25 राष्ट्रों के नागरिक अभिनंदन समारोह में मिलेगा अंतर्राष्ट्रीय सम्मान

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

जयपुर:- 25 राष्ट्रों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने जा रहे अंतर्राष्ट्रीय नागरिक अभिनंदन समारोह में गौ-सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जयपुर निवासी धैलूराम मीणा एवं संजना मीणा दंपति को नेपाल की राजधानी काठमाण्डौ में सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती महोत्सव के समापन अवसर पर आयोजित वैश्विक सम्मेलन के अंतर्गत प्रदान किया जाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच एवं इंडो-नेपाल समरसता ऑर्गनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में 25 देशों के राष्ट्रीय ध्वजों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। मीणा दंपति को यह सम्मान नेपाल सरकार के गणमान्य अतिथियों द्वारा काठमाण्डौ स्थित रशियन कल्चर सेंटर में प्रदान किया जाएगा।

मंच के संयोजक एवं नेपाल के प्रथम उपराष्ट्रपति के विशिष्ट सलाहकार डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा ने बताया कि मीणा दंपति ने गौ-सेवा के साथ-साथ विभिन्न धर्मों की बेटियों के निःशुल्क विवाह, सामाजिक समरसता एवं मानव सेवा के कार्यों में तन-मन-धन से निरंतर योगदान दिया है। उनके इन्हीं सेवाभावी कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि धैलूराम मीणा पिछले 20 वर्षों से भी अधिक समय से मंच की कार्ययोजनाओं से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और समाज सेवा के क्षेत्र में उनकी भूमिका अत्यंत प्रेरणादायक रही है। मीणा दंपति को नेपाल आने का औपचारिक निमंत्रण उनके निवास पर स्वयं पहुंचकर प्रदान किया गया।

मीणा समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों में इस समाचार के प्रसार के साथ ही हर्ष एवं गर्व की लहर दौड़ गई है। बड़ी संख्या में लोगों ने मीणा दंपति को इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मान के लिए शुभकामनाएं एवं बधाइयां प्रेषित की हैं। यह सम्मान न केवल मीणा दंपति के लिए, बल्कि संपूर्ण समाज के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button