अपराधबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानव्यापार
नकली पॉलीकैब पाइप मामले में नागौर कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
नागौर।
कोतवाली थाना क्षेत्र में नकली पाइप निर्माण और ब्रांड दुरुपयोग के एक मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ओम श्री बालाजी पीवीसी पाइप फिटिंग नामक फर्म से पॉलीकैब कंपनी के चिह्न वाले 70 संदिग्ध पाइप बरामद किए हैं। यह फैक्ट्री आरआईआईसीओ क्षेत्र, बीकानेर रोड, नागौर स्थित प्लॉट संख्या एच-1-185/110 पर संचालित बताई जा रही है।
पॉलीकैब कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि मुकेश मिश्रा को सूचना मिली थी कि उक्त फैक्ट्री में उनकी कंपनी के अधिकृत ब्रांड पॉलीकेब का दुरुपयोग कर नकली पाइपों का निर्माण और बिक्री की जा रही है। इस संबंध में उन्होंने 15 दिसंबर 2025 को कोतवाली नागौर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि नकली पाइपों की बिक्री से न केवल कंपनी को बल्कि राज्य सरकार को भी वित्तीय नुकसान हो रहा है, वहीं असली कंपनी के नाम पर नकली सामान बेचकर आम जनता के साथ भी धोखाधड़ी की जा रही है।
शिकायत के बाद पुलिस टीम कंपनी प्रतिनिधि के साथ फैक्ट्री पहुंची और निरीक्षण किया। हालांकि जांच के दौरान फैक्ट्री में पाइप निर्माण का कार्य बंद पाया गया। लेकिन मौके से “पॉलीकैब” चिह्न वाले कुल 70 पाइप मिले। पुलिस को निरीक्षण के दौरान पाइपों पर चिह्न लगाने के लिए उपयोग की जाने वाली डाई या अन्य सामग्री फैक्ट्री में नहीं मिली।
पुलिस ने फैक्ट्री मालिक हरीश से पूछताछ की। हरीश ने बताया कि उसने विभिन्न ट्रक चालकों से सस्ते दामों पर पॉलीकैब सहित अलग-अलग ब्रांडों के पाइप खरीदे थे। उसके अनुसार उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि ये पाइप नकली हैं या उन पर पॉलीकैब कंपनी का नकली चिह्न लगाया गया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नकली पाइपों की आपूर्ति कहां से हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe to my channel


