जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़
सीजन की पहली बर्फबारी के बाद मुगल रोड अस्थायी रूप से बंद, वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक
ताजा बर्फबारी और सड़क पर फिसलन के चलते एहतियातन लिया गया फैसला, मौसम साफ होने तक यात्रियों को सफर न करने की सलाह

रिपोर्ट: राजेश कुमार, पुंछ
पुंछ, 15 अक्टूबर 2026। जम्मू-कश्मीर में मौसम के बदले मिजाज के बीच सीजन की पहली बर्फबारी के बाद ऐतिहासिक मुगल रोड को वाहनों की आवाजाही के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। ताजा बर्फबारी के कारण सड़क पर बढ़ी फिसलन और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन यह फैसला लिया है।
एसओ ट्रैफिक मुगल रोड, महरूफ चौधरी ने सड़क बंद किए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि ताजा बर्फबारी के चलते सड़क पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे वाहनों का आवागमन जोखिम भरा हो सकता है। इसी को देखते हुए मुगल रोड पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
उन्होंने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि मौसम में सुधार होने और सड़क को यातायात के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने तक इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें।
महरूफ चौधरी ने आगे बताया कि बर्फबारी रुकने और मौसम अनुकूल होने के बाद सड़क बहाली का कार्य शुरू किया जाएगा। मार्ग को सुरक्षित बनाने के पश्चात ही वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू की जाएगी।
यात्रियों से प्रशासन की अपील
प्रशासन ने मुगल रोड से यात्रा करने की योजना बना रहे लोगों को सलाह दी है कि वे मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के बाद ही अपना सफर शुरू करें तथा यातायात विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Subscribe to my channel


