बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
ईसीबी में ग्लोबल हैंडवाशिंग डे पर ‘स्वच्छ हाथ, स्वस्थ बीकानेर’ अभियान, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
*ईसीबी में ग्लोबल हैंडवाशिंग डे पर ‘स्वच्छ हाथ, स्वस्थ बीकानेर’ अभियान, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश*
इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर की डिस्पेंसरी एवं बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के जीसीईएएससी (ग्रीन कैंपस एनवायरनमेंट ऑडिट एंड सस्टेनेबिलिटी सेल) के संयुक्त तत्वावधान में ग्लोबल हैंडवाशिंग डे के अवसर पर ‘स्वच्छ हाथ, स्वस्थ बीकानेर’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से हाथों की स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जीसीईएएससी की पर्यावरण अनुकूल पहल के अंतर्गत 70 प्रतिशत एथिल अल्कोहल के साथ नीम, तुलसी और एलोवेरा युक्त ग्रीन सेनेटाइजर का प्रदर्शन एवं वितरण किया गया। इस गतिविधि के माध्यम से स्वच्छता के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और उपयोगी विकल्पों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग रहे। इस अवसर पर आईक्यूएसी निदेशक डॉ. एस.के. बंसल, ईसीबी प्राचार्य डॉ. संजीव जैन एवं कुलसचिव डॉ. अमित सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जीसीईएएससी समन्वयक डॉ. प्रवीण पुरोहित ने कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। नियमित रूप से हाथों की उचित सफाई संक्रमण के प्रसार को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साथ ही, पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को दैनिक जीवन और संस्थागत कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाना भी आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. हेम आहूजा, डॉ. अक्षिता चौधरी, डॉ. नवीन पालीवाल, डॉ. सुभाष पंवार, डॉ. चंचल कछवाहा एवं डॉ. गरिमा प्रजापत सहित नर्सिंग स्टाफ के अजीत सिंह, रविशंकर भोबिया, किशन सारस्वत एवं कैलाश आचार्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्री अजीत गौर ने किया।
इस आयोजन के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

Subscribe to my channel


