उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़रोज़गार
बस्ती में महिला किसान दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन, 252 महिलाओं ने लिया हिस्सा
महिला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और स्वरोजगार के प्रति किया गया जागरूक, डॉ. रोली सिंह बोलीं— आत्मनिर्भर बनने के लिए हर क्षेत्र में आगे आएं महिलाएं

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 15 अक्टूबर 2026। कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती में कृषि विभाग की ओर से महिला किसान दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद की 252 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान महिला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि आधारित उद्यमों और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री डॉ. रोली सिंह ने सभी महिलाओं को महिला किसान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं को घर से बाहर निकलकर हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। महिलाएं जब आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होंगी, तभी परिवार और समाज की प्रगति में उनकी भूमिका और अधिक मजबूत होगी।
आधुनिक कृषि तकनीकों से बढ़ेगी महिला किसानों की आय
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. एसके तोमर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला किसानों को कृषि एवं कृषि आधारित उद्यमों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करना है। आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर महिलाएं अपनी आय और आजीविका में वृद्धि कर सकती हैं।
संयुक्त कृषि निदेशक रामवचन राम ने महिला किसानों को फसल उत्पादन की उन्नत तकनीकों, एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन, पोषण वाटिका, मशरूम उत्पादन तथा कृषि आधारित स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी।
वहीं, उप कृषि निदेशक अशोक कुमार ने महिलाओं को खेती में नवीन तकनीकों का उपयोग करने, उत्पादन लागत कम करने और कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना जरूरी
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष शिव प्रसाद चौधरी ने कहा कि महिलाएं कृषि कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। यदि उन्हें आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, तो वे कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रेम शंकर (पादप सुरक्षा) सहित अन्य वैज्ञानिकों ने महिला किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा कृषि आधारित रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीबी सिंह ने किया। केंद्र के वैज्ञानिक आरबी सिंह, हरिओम मिश्रा एवं डॉ. अंजलि वर्मा ने भी महिला किसानों को आत्मनिर्भर बनने, नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने तथा कृषि आधारित उद्यमों के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जनपद की कुल 252 महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

Subscribe to my channel


