उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में पेंशनरों के लिए जरूरी सूचना: नवंबर में केवल पात्र पेंशनर ही जमा करें जीवित प्रमाण पत्र, घर बैठे ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध
मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने दी जानकारी, पेंशनर मोबाइल से भी जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाण पत्र

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 14 अक्टूबर 2026। कोषागार बस्ती से पेंशन प्राप्त कर रहे पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों के लिए जीवित प्रमाण पत्र जमा करने के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने बताया कि वर्ष 2026 में लगभग 16,247 पेंशनरों के सापेक्ष केवल 11,647 पेंशनरों को ही जीवित प्रमाण पत्र जमा करना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नवंबर 2026 में केवल वही पेंशनर कोषागार आएं, जिनका जीवित प्रमाण पत्र जमा करने का निर्धारित समय इसी माह में है। इससे पेंशनरों की पहचान एवं प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सकेगी। अन्य पेंशनर अपने पूर्व निर्धारित माह के अनुसार वर्ष के अन्य महीनों में भी जीवित प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।
घर बैठे ऐसे जानें जीवित प्रमाण पत्र जमा करने का सही महीना
मुख्य कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशनर अब घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से यह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं कि उन्हें किस माह में जीवित प्रमाण पत्र जमा करना है।
इसके लिए पेंशनरों को कोषवाणी की वेबसाइट Koshvani.up.nic.in पर जाना होगा। वेबसाइट पर उपलब्ध ‘Pensioner’s Corner’ में जाकर ‘Pension Payment Detail’ विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद संबंधित कोषागार का चयन कर अपना बैंक खाता नंबर और कैप्चा भरें। इस प्रक्रिया के माध्यम से पेंशनर घर बैठे आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
अब मोबाइल से भी जमा कर सकेंगे जीवित प्रमाण पत्र
मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत पेंशनरों को जीवित प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बार-बार कोषागार आने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने स्मार्टफोन की सहायता से घर बैठे ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र भेज सकते हैं।
मोबाइल से जीवित प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया:
1. सबसे पहले स्मार्टफोन के Google Play Store से ‘Aadhaar Face RD’ ऐप इंस्टॉल करें।
2. इसके बाद Play Store से ‘Jeevan Pramaan’ ऐप डाउनलोड कर इंस्टॉल करें।
3. Jeevan Pramaan ऐप खोलकर आवश्यक जानकारी दर्ज करें।
4. ऐप में दिए गए निर्देशों के अनुसार पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करें।
5. प्रक्रिया सफल होने पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जनरेट किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि इस ऑनलाइन सुविधा का लाभ पेंशनर भविष्य में भी उठा सकेंगे और अपना जीवित प्रमाण पत्र कोषागार बस्ती को प्रेषित कर सकेंगे।
मुख्य कोषाधिकारी ने सभी पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों से अपील की है कि वे निर्धारित माह के अनुसार ही अपना जीवित प्रमाण पत्र जमा करें तथा अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए ऑनलाइन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
Subscribe to my channel


