उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, बस्ती में 12 अक्टूबर से शुरू होगी ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच

बीईएल के अधिकृत इंजीनियर करेंगे ईवीएम और वीवीपैट की जांच, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी प्रक्रिया के अवलोकन के लिए किया गया आमंत्रित

बस्ती से वेदान्त सिंह

बस्ती, 11 अक्टूबर 2026 (सू.वि.)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने चुनाव संबंधी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) 12 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ की जाएगी।

यह जांच ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस, बस्ती स्थित एफएलसी हॉल में कार्य समाप्त होने तक संचालित की जाएगी। जांच का कार्य भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार होगी जांच

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच संबंधित निर्माता कंपनी के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाती है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। एफएलसी की विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग की इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन संबंधी नियमावली (Manual on Electronic Voting Machine) में उल्लिखित है, जो आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

तीन स्तरों पर होगी एफएलसी प्रक्रिया की निगरानी

ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाएगी, ताकि जांच कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हो सके।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी किया गया आमंत्रित

जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय पर स्थित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को एफएलसी प्रक्रिया के अवलोकन के लिए नामित करने का अनुरोध किया गया है।

इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा 7 अक्टूबर 2026 को सभी संबंधित राजनीतिक दलों को लिखित पत्र भेजा गया था। अनुरोध पत्र की प्राप्ति की पुष्टि संबंधित राजनीतिक दलों के राज्य मुख्यालयों द्वारा भी की जा चुकी है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button