LIVE TVअपराधउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

सिकंदराबाद में तीन सर्राफा दुकानों में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; चोरी का चांदी का सामान बरामद

 

रिपोर्टर: वैद्यराज संजय पांडेय,स्टेट हेड, उत्तर प्रदेश

मोबाइल/व्हाट्सऐप: 7376 3261 75

लखीमपुर खीरी, 30 अगस्त 2026। थाना नीमगांव पुलिस ने कस्बा सिकंदराबाद में तीन सर्राफा दुकानों में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सफेद धातु का आभूषण एवं अन्य सामान बरामद किया है। मामले में एक अन्य साथी का नाम भी प्रकाश में आया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) खीरी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मितौली के पर्यवेक्षण में थाना नीमगांव पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने थाना नीमगांव में दर्ज मुकदमा संख्या 302/2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस से संबंधित चोरी की घटना का अनावरण किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज पाण्डेय उर्फ पप्पू पंडित पुत्र रामसेवक पाण्डेय, निवासी सिकंदराबाद, उम्र करीब 40 वर्ष और शालू पुत्र रोहन, निवासी सिकंदराबाद, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है।

चोरी का सामान बरामद

पुलिस के मुताबिक आरोपी नीरज पाण्डेय के कब्जे से एक सफेद धातु का सिक्का, एक जोड़ी पुरानी पायल, एक जोड़ी नई पायल, छह नई बिछिया, चार पुरानी बिछिया, पांच ताबीज तथा कुछ टूटी-फूटी सफेद धातु की वस्तुएं बरामद हुईं।

वहीं आरोपी शालू के कब्जे से एक जोड़ी पुरानी पायल, एक जोड़ी नई पायल, छह नई बिछिया, चार पुरानी बिछिया, चार ताबीज तथा कुछ टूटी-फूटी सफेद धातु की वस्तुएं बरामद की गईं।

पान के पत्तों से मिला चोरों तक पहुंचने का सुराग

पुलिस की जांच में एक दिलचस्प सुराग भी सामने आया। पुलिस के अनुसार चोरी की एक दुकान करीब तीन दिनों से बंद थी। दुकान के काउंटर पर पान के पत्तों के टुकड़े और अन्य साक्ष्य मिले। इससे पुलिस को चोरों की लगातार पान खाने की आदत का सुराग मिला। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध व्यक्तियों के घटनास्थल की रेकी करते हुए दिखाई देने की बात पुलिस ने कही।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपी पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में नामजद रहे हैं। नीरज पाण्डेय के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी, हत्या, लूट तथा आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

वहीं शालू के खिलाफ भी चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा मारपीट एवं अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी सिकंदराबाद रामगौरव, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी बेहजम संदीप यादव, हेड कांस्टेबल निसार अहमद, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र शुक्ला, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार तथा कांस्टेबल सुग्रीव गंगवार शामिल रहे।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button