जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़
मेंढर के सरहोटी जबरां में भीषण भूस्खलन, स्कूल समेत कई मकान तबाह, कब्रिस्तान पर भी मंडराया खतरा

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
मेंढर/पुंछ, 3 अगस्त। उप-मंडल मेंढर के सरहोटी जबरां गांव में लगातार हो रहे भीषण भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी है। भूस्खलन की चपेट में आने से एक स्कूल भवन और कई रिहायशी मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि दर्जनों अन्य मकानों में गहरी दरारें पड़ने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई दिनों से पहाड़ी लगातार खिसक रही है और जमीन में हलचल अब भी जारी है। हालात दिन-प्रतिदिन गंभीर होते जा रहे हैं, जिससे प्रभावित परिवार अपने घरों और जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि भूस्खलन अब गांव के कब्रिस्तान के नजदीक तक पहुंच गया है, जिससे उसके भी प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो और अधिक मकान, सार्वजनिक संपत्तियां तथा कब्रिस्तान भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।
प्रभावित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए भू-वैज्ञानिकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भेजकर क्षेत्र का विस्तृत सर्वे कराने और भूस्खलन रोकने के लिए प्रभावी उपाय करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में रह रहे परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की मांग भी की है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।
ग्रामीणों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक नेताओं तथा सामाजिक संगठनों से भी प्रभावित इलाके का दौरा कर पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता करने की अपील की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा शीघ्र राहत एवं पुनर्वास की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।

Subscribe to my channel


