उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
एसपी समूह के संस्थापक श्री शत्रुघ्न प्रसाद दूबे के निधन पर शोक की लहर

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती (वेदांत टाइम्स/बस्ती टाइम्स 24)। जनपद के विभिन्न संगठनों के संरक्षक एवं टाटा मोटर्स के स्वामी श्री अखिलेश दुबे जी के पूजनीय पिताजी जिले के प्रतिष्ठित उद्योगपति, समाजसेवी एवं एसपी समूह के संस्थापक श्री शत्रुघ्न प्रसाद दूबे के महाप्रयाण का समाचार मिलते ही जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर सामाजिक, व्यावसायिक, शैक्षिक एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री दूबे एसपी ऑटोमोबाइल्स, एसपी ऑटोव्हील्स, एसपी व्हीलर्स, एसपी चिल्ड्रेंस एकेडमी तथा एसपी डिजिटल सहित अनेक प्रतिष्ठानों के संस्थापक थे। उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, सरल व्यक्तित्व एवं समाजसेवा के माध्यम से जनपद के औद्योगिक, शैक्षिक और सामाजिक विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। रोजगार सृजन, शिक्षा के विस्तार तथा जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।
उनके निधन से व्यापार, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र ने एक दूरदर्शी, कर्मयोगी और प्रेरणादायी व्यक्तित्व को खो दिया है। विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, जिला बस्ती, इंडियन योग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश चैप्टर तथा विश्व संवाद परिषद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने भी श्री शत्रुघ्न प्रसाद दूबे के महाप्रयाण पर गहरा शोक व्यक्त किया। संगठनों की ओर से कहा गया कि श्री दूबे का व्यक्तित्व सेवा, सादगी और समाजहित के प्रति समर्पण का प्रतीक था। उनके द्वारा समाज और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे।
“दिव्य ज्योति को नमन” के भाव के साथ सभी संगठनों ने दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Subscribe to my channel


