जैसलमेरदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा, जिला स्तर पर होगा लाइव प्रसारण

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
जैसलमेर, 3 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित राजस्थान रिफाइनरी परियोजना (पंचभद्रा रिफाइनरी) के लोकार्पण एवं विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जैसलमेर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। इसी क्रम में राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र नायक ने शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
बैठक में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के साथ मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव, ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों, राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं तथा विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की समीक्षा की गई। अध्यक्ष राजेन्द्र नायक ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय पर एवं त्रुटिरहित सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ निभाए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी ने जानकारी दी कि बालोतरा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर लाइव प्रसारण किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक कार्यक्रम से जुड़ सकें। जैसलमेर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन उत्कर्ष जैन भवन में किया जाएगा, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बैठक में कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं लाइव प्रसारण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया और सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। समीक्षा बैठक के बाद अध्यक्ष राजेन्द्र नायक ने जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

Subscribe to my channel


