उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़व्यापार
बस्ती में उद्योग एवं व्यापार को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध: मुख्य राजस्व अधिकारी

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 24 जून 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद के उद्योगों एवं व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन व्यापारियों एवं उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्युत, पेयजल, जल निकासी, आवागमन सुविधाओं, बेहतर आधारभूत संरचना तथा अतिक्रमण मुक्त माहौल सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि इससे जनपद में उद्योग एवं व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
बैठक के दौरान निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए बताया गया कि अब तक लंबित 437 प्रकरणों में से 353 का निस्तारण किया जा चुका है। 20 आवेदन निरस्त किए गए हैं, जबकि 10 मामलों को पुनर्विचार हेतु भेजा गया है। वर्तमान में 54 आवेदन विभिन्न विभागों में विचाराधीन हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) तथा वित्त पोषण सहायता जैसी योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित उद्यमियों और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं एवं सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया। मुख्य राजस्व अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि उद्योगों की स्थापना और संचालन में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर क्षेत्र में सड़कों के किनारे लगे वृक्षों की छंटाई तथा जर्जर विद्युत पोलों से ओवरलोडिंग हटाने के लिए जल्द ही विशेष अभियान चलाया जाएगा।
बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन ने किया। इस अवसर पर डीसी मनरेगा संजय शर्मा, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक सिंह, महासचिव हरिश्चंद्र शुक्ल, उद्योग व्यापार मंडल के जगदीश अग्रहरि, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आशुतोष राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी और व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


