उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़रोज़गारशिक्षा

पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 की तैयारियों का डीएम और एसपी ने लिया जायजा, मुंडेरवा परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण

बस्ती से वेदान्त सिंह

 

बस्ती, 08 जून 2026। आगामी पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने रविवार को गन्ना विकास सर्वोदय इंटर कॉलेज, मुंडेरवा स्थित परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने परीक्षा कक्षों, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों की सुविधाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं और अभ्यर्थी प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र के साथ निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, जिससे प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम से निगरानी व्यवस्था और परीक्षा कक्षों में उपलब्ध संसाधनों का भी परीक्षण किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान प्रशासन और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button