उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़रोज़गार
बस्ती में मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत आवेदन शुरू, 10 लाख तक मिलेगा ऋण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 20 मई 2026। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद बस्ती के ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को स्वयं का उद्योग स्थापित करने के लिए 10 लाख रुपये तक का बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी एल.बी. सिंह ने बताया कि योजना का लाभ 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के ग्रामीण बेरोजगार युवक-युवतियों को दिया जाएगा। सामान्य वर्ग के पुरुष लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत तथा आरक्षित वर्ग के लाभार्थियों को 5 प्रतिशत अंशदान स्वयं करना होगा।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत सामान्य वर्ग के पुरुष लाभार्थियों को ऋण पर केवल 4 प्रतिशत ब्याज देना होगा, जबकि शेष ब्याज का भुगतान विभाग द्वारा 5 वर्षों तक किया जाएगा। वहीं आरक्षित वर्ग के लाभार्थियों के लिए पूंजीगत ऋण पर पूरा ब्याज विभाग द्वारा 5 वर्ष तक बैंक को भुगतान किया जाएगा।
विभाग को मुख्यालय से 10 इकाइयों की स्थापना के लिए 50 लाख रुपये का पूंजी निवेश लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इच्छुक अभ्यर्थी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, विकास भवन परिसर बस्ती से संपर्क कर योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक/तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तथा बैंक पासबुक की छायाप्रति जमा करना अनिवार्य होगा।
आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 30 मई 2026 निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7239005969 एवं 7607652767 पर संपर्क किया जा सकता है।
Subscribe to my channel


