जम्मू कश्मीरदेशपुंछब्रेकिंग न्यूज़
मेंढर में ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर सेमिनार और हथियार प्रदर्शनी का आयोजन

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
मेंढर, 09 मई 2026। सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 182वीं बटालियन द्वारा टैक्टिकल मुख्यालय में ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के अवसर पर एक भव्य सेमिनार एवं हथियार प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल की भूमिका तथा राष्ट्र सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
इस कार्यक्रम में क्षेत्र के 7 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, सरकारी अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विभिन्न विषयों पर भाषण प्रस्तुत किए और देशभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम में 182वीं बटालियन के कमांडेंट अशोक कुमार झा सहित 5 अधिकारी, 40 अधीनस्थ अधिकारी और 100 जवान उपस्थित रहे। इसके अलावा 40 छात्र, 10 शिक्षक तथा करीब 100 स्थानीय नागरिक, सरपंच, विभिन्न गांवों के प्रतिनिधि एवं पूर्व बीएसएफ कर्मियों ने भी भागीदारी की।
कमांडेंट अशोक कुमार झा ने उपस्थित सभी लोगों से संवाद करते हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बीएसएफ की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार बीएसएफ ने भारतीय सेना के साथ नियंत्रण रेखा (LoC) पर उच्च स्तर की पेशेवर क्षमता, साहस और समर्पण का परिचय दिया।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों को प्रोत्साहित करने हेतु पुरस्कार वितरित किए गए। इस आयोजन से युवाओं और नागरिकों को बीएसएफ की जिम्मेदारियों एवं देश सेवा के प्रति प्रेरणा मिली।

Subscribe to my channel


