उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़रोज़गार
बस्ती में मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के तहत आवेदन शुरू, 30 मई तक करें अप्लाई

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 05 मई 2026। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद बस्ती के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं से आवेदन मांगे गए हैं। योजना का उद्देश्य माटीकला (कुम्हारी) से जुड़े पारंपरिक और आधुनिक व्यवसायों को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी एल.बी. सिंह ने बताया कि योजना के तहत खिलौना निर्माण, घरेलू उपयोग की वस्तुएं जैसे घड़ा, सुराही, कुल्हड़, गिलास, कटोरी, कप-प्लेट, डोंगा आदि तथा सजावटी सामान जैसे गुलदस्ता, गार्डन पॉट, बोनसाई पॉट, लैम्प आदि के निर्माण के लिए ऋण सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना में आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पात्र लाभार्थियों को 10 लाख रुपये तक की परियोजना लागत पर बैंक से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। पूंजीगत ऋण पर 25 प्रतिशत मार्जिन मनी अनुदान (सब्सिडी) राज्य सरकार द्वारा दिया जाएगा।
इच्छुक लाभार्थी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, विकास भवन परिसर बस्ती से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा अपना ऑनलाइन आवेदन upmatikalaboard.in पोर्टल पर कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करते समय पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक/तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, प्रोजेक्ट रिपोर्ट एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति जमा करना अनिवार्य होगा।
योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 मई 2026 निर्धारित की गई है। लाभार्थियों का चयन स्कोर कार्ड के आधार पर किया जाएगा।
इसके अलावा विभाग द्वारा माटीकला कारीगरों और उनके परिवारों का चिन्हांकन भी किया जा रहा है, ताकि उन्हें बोर्ड की योजनाओं का लाभ मिल सके।
अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7239005969 एवं 9044610496 पर संपर्क किया जा सकता है।
Subscribe to my channel


