खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
जिला स्तरीय शिक्षा निष्पादन बैठक में कलेक्टर ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा, 23 अप्रैल। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय निष्पादन बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिला कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के ऐसे सभी विद्यालयों की अद्यतन जानकारी शीघ्र संकलित की जाए जो अब तक जल कनेक्शन से वंचित हैं। साथ ही भवन रहित एवं निर्माणाधीन विद्यालयों की स्थिति की समीक्षा के लिए समसा अभियंता को बुलाकर विस्तृत समीक्षा करने के निर्देश दिये।
उन्होंने विद्यालय परिसरों में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों की जानकारी संकलित कर ICDS विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्यालयों को प्राप्त होने वाले सभी फंड की जानकारी व्यवस्थित रूप से संधारित कर कार्यलय को भेजने के निर्देश दिये। उन्होंने स्टाफ डिटेल का विश्लेषण कर विद्यालयों में आवश्यकतानुसार कार्मिकों की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कक्षा 5 तक FLN (Foundational Literacy and Numeracy) की नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का आकलन कर सुधारात्मक कदम उठाने तथा शाला दर्पण पोर्टल पर Blue/Pink टैबलेट संबंधी प्रविष्टियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त डाइट खैरथल-तिजारा के लिए भूमि आवंटन के संबंध में नगर परिषद के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक/माध्यमिक) रमेश कुमार मेघ, सहायक अभियंता विद्युत विभाग दिनेश भड़ाना सहित ब्लॉक स्तरीय शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


