जयपुरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस महोत्सव का समापन 13 मई को
चयनित 51 प्रतिभाओं को मिलेगा “कर्म श्री अवार्ड”

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
जयपुर: अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित महोत्सव का समापन समारोह दिनांक 13 मई 2026 को भव्य एवं गरिमामय रूप से आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव श्रमिक वर्ग के संघर्ष, योगदान एवं उनकी उपलब्धियों को समर्पित है।
मंच के संयोजक डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा (विशिष्ट सलाहकार, प्रथम उपराष्ट्रपति, नेपाल) ने जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक समरसता एवं समानता पर आधारित इस कार्ययोजना में विकसित समाज के निर्माण हेतु श्रमिक वर्ग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आधारभूत है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर शिक्षा, चिकित्सा, न्याय, समाज सेवा एवं औद्योगिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली चयनित 51 प्रतिभाओं को मंच के प्रेरणास्त्रोत अतिथियों द्वारा “कर्म श्री अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन मंच के संस्थापक विश्व रत्न स्वर्गीय श्री महावीर प्रसाद टोरड़ी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज में उत्कृष्ट कार्य कर रही प्रतिभाओं को वैश्विक पहचान प्रदान करना है।
मंच के प्रेरक सदस्यों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को समारोह में सहभागिता हेतु आमंत्रित किया जा रहा है। चयन समिति के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध विधि विशेषज्ञ तथा चांसलर, रोमा इंटरनेशनल कल्चर विश्वविद्यालय, नई दिल्ली द्वारा भी यह बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच “वसुधैव कुटुम्बकम्”, “ग्लोबल विलेज” एवं “सत्यम् शिवम् सुन्दरम्” की विचारधारा के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्यरत है।
समारोह में चयनित प्रतिभाओं का सम्मान 25 राष्ट्रों के राष्ट्रीय ध्वजों के सान्निध्य में किया जाएगा। मंच का उद्देश्य भारत-नेपाल की वैदिक एवं सांस्कृतिक विरासत के पुनरुत्थान, भारत को पुनः “विश्व गुरु” के रूप में स्थापित करने तथा वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य करना है।
साथ ही, मंच उन प्रतिभाओं को भी पहचान देने का कार्य कर रहा है, जो पर्दे के पीछे रहकर समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं, परंतु अब तक किसी मंच पर उन्हें उचित पहचान नहीं मिल सकी है। अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच ऐसे व्यक्तित्वों को सम्मानित कर समाज को उनके योगदान से अवगत कराने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है।

Subscribe to my channel


